धनबाद : दीयों की रोशनी में देशभक्ति की थीम- “ऑपरेशन सिंदूर” ने सबका दिल जीता

DHn-Operation-Sindoor-Theme

धनबाद : दीपों के इस पावन पर्व को एक नई दिशा देने और परंपरा को आधुनिक सोच के साथ जोड़ने का कार्य 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज़ ने किया है। मेमको मोड़ स्थित कार्यालय परिसर में आयोजित ‘अपना दीया, अपनी दीवाली’ कार्यक्रम के चौथे दिन देशभक्ति और सामाजिक सरोकार का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में सूबेदार आर.पी. सैनी (5 झारखंड बटालियन), कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष संतोष सिंह, भाजपा नेत्री तारा देवी, कांग्रेस नेता ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, भाजयुमो ज़िला अध्यक्ष नित्यानंद मंडल, उर्वर्षि झा समेत एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

पिछले 10 वर्षों से लगातार 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज़ इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन करती आ रही है, जिसमें हर साल एक नई सामाजिक या राष्ट्रीय थीम के ज़रिए लोगों को प्रेरित किया जाता है। इस वर्ष की थीम “ऑपरेशन सिंदूर” रखी गई, जो जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा निर्दोष सैलानियों की हत्या के बाद भारतीय सेना द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई को समर्पित थी।

कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर की पूरी झांकी तैयार की गई थी, जिसमें भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह को विशेष रूप से स्थान दिया गया — इन दोनों महिला अधिकारियों ने ऑपरेशन की ब्रीफिंग में अहम भूमिका निभाई थी। अतिथियों ने इस थीम की खूब सराहना की और कहा कि यह न केवल देशभक्ति का संदेश देता है बल्कि सेना के वीरों को श्रद्धांजलि भी है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अपने हाथों से मिट्टी के दीये बनाकर परंपरा और संस्कृति के इस अनूठे संगम में भागीदारी की। हर वर्ष की तरह इस बार भी 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज़ द्वारा कुम्हारों और चाक की विशेष व्यवस्था की गई थी ताकि लोग स्वयं मिट्टी के दीये बनाकर अपनी दीवाली को खास बना सकें।

कंपनी के सीईओ राम प्रताप सिंह और वाइस प्रेसिडेंट महेश मोदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि 99 ग्रुप न केवल लोगों के सपनों का घर बनाता है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत कई जनहितकारी कार्यक्रमों का भी संचालन करता है। उन्होंने कहा कि “अपना दीया, अपनी दीवाली” अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के अनुकूल और परंपरागत दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस मौके पर कंपनी से जुड़े अधिकारी राकेश पाठक, अमित रंजन, चंद्रशेखर सिंह, नितिन कुमार, शैलेन्द्र शर्मा, भानु प्रताप सोनी, सुनील शांडिल्य, रणधीर सिंह, कुसुम साव, अनिमेष शाव सहित कई कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस वर्ष के कार्यक्रम में देशभक्ति, परंपरा और सामाजिक चेतना का संगम देखने को मिला सचमुच, 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज़ का “अपना दीया, अपनी दीवाली” अभियान अब एक सांस्कृतिक आंदोलन का रूप ले चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *