Womens@WC : दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 125 रन से हराया, फाइनल में पहुंची; मारिजन ने झटके 5 विकेट

गुवाहाटी : दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 125 रन से हराकर महिला विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। बुधवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान लाउरा वोलवार्ड की शतकीय पारी के दम पर 50 ओवर में सात विकेट पर 319 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 42.3 ओवर में सिर्फ 194 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के लिए मारिजन कप ने पांच और नादिन डी क्लार्क ने दो विकेट झटके। वहीं, आयबोंगा खाका, म्लाबा और सुने लूस ने एक-एक सफलता हासिल की।

दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के सामने 320 रन का लक्ष्य रखा : महिला विश्व कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के सामने 320 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम ने 50 ओवर में सात विकेट पर 319 रन बनाए। उनके लिए लाउरा वोलवार्ड्ट ने 169 रनों की कप्तानी पारी खेली जबकि तजमिन ब्रिट्स और मारिजन कप क्रमश: 45 और 42 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, इंग्लैंड के लिए सोफी एक्लेस्टोन ने चार विकेट झटके जबकि लॉरेन बेल ने दो सफलताएं अपने नाम कीं। इसके अलावा नैट सिवर ब्रंट को एक विकेट मिला।

इंग्लैंड ने जीता टॉस : इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। दक्षिण अफ्रीका की टीम में क्लास की जगह बोश की वापसी हुई है।

लीग चरण में दूसरे स्थान पर रही इंग्लैंड की टीम : इंग्लैंड की बात करें तो भारत से घरेलू सीरीज हारने के बाद उसने शानदार वापसी की। लीग चरण में उसे केवल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली और वह 11 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। हालांकि, कुछ मौकों पर इंग्लैंड की बल्लेबाजी भी दबाव में लड़खड़ाती दिखी। बांग्लादेश के खिलाफ उसकी चार विकेट की करीबी जीत और पाकिस्तान के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच ने टीम की कमजोरियों को उजागर किया। पाकिस्तान की तेज गेंदबाज फातिमा सना की इनस्विंगर के सामने इंग्लिश बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए थे।

हीथर नाइट (288 रन) और विकेटकीपर-बल्लेबाज एमी जोन्स (220 रन) मध्यक्रम में भरोसेमंद साबित हुई हैं, जबकि सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट (210 रन) का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। कप्तान नैट सिवर-ब्रंट ने भी अच्छी पारियाँ खेली हैं, लेकिन एम्मा लैम्ब और सोफिया डंकले अभी तक कोई प्रभावी पारी नहीं खेल पाई हैं। दक्षिण अफ्रीका के पास मिश्रित गेंदबाजी आक्रमण है, लेकिन अगर पिच स्पिन के लिए मददगार रही, तो अब तक 11 विकेट लेने वाली नॉनकुलुलेको मलाबा अहम भूमिका निभा सकती हैं। दोनों टीमों की नजर आसमान पर भी होगी, क्योंकि पहले सेमीफाइनल के दिन गुवाहाटी में बारिश की संभावना जताई गई है।

दक्षिण अफ्रीका : लौरा वोलवार्ट (कप्तान), तजमिन ब्रिट्ज, सुने लुस, एनेरिए डर्कसन, एनेके बोश, मरिजाने काप, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लोए ट्रियोन, नादिने डि र्क्लेक, आयाबोंगा खाका, नोनकुलुलेको मलाबा।

इंग्लैंड : एमी जोन्स (विकेटकीपर), टैमी ब्यूमोंट, हीदर नाइट, डेनिएले वाइट हॉग, नताली सिवर ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकले, एलिस कैप्सी, चार्लोट डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिंसे स्मिथ, लॉरेन बेल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *