मप्र : बाजार में दम निकलने तक युवक काटता रहा लड़की का गला, लोग देखते रहे… पर कोई बचाने नहीं आया

MP-Murder-in-Market-by-Lover

बालाघाट : मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। समनापुर चौक पर एक युवक ने बीच बाजार में युवती का गला रेतकर हत्या कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी चाकू से लगातार वार करता नजर आ रहा है। मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने आरोपी को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई।

मृतका की पहचान रितु भंडारकर (निवासी समनापुर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितु और आरोपी रोशन सार्वे (निवासी मोतीनाला) एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और विवाद से जुड़ा सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। परिजन और ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।

कैसे हुई वारदात : दोपहर करीब एक बजे रितु समनापुर चौक पर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी वहां आया और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। अचानक युवक ने जेब से चाकू निकाला और रितु के गर्दन पर वार कर दिया। कुछ ही क्षणों में उसने कई बार हमला कर रितु को लहूलुहान कर दिया। रितु मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।

लोग देखते रहे, पर कोई बचाने नहीं आया : वारदात चौक जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाके में हुई, लेकिन लोग चुपचाप तमाशबीन बने रहे। कई लोगों ने घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया पर युवती को बचाने आगे नहीं आए। घटना का वीडियो वायरल होते ही लोगों में आक्रोश और तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई है।

आरोपी हिरासत में : घटना की सूचना मिलते ही बैहर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। एएसपी आदर्श कांत शुक्ला ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात : मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने घटना के बाद कड़ा विरोध जताया। एहतियात के रूप में पुलिस ने समनापुर चौक और आसपास के क्षेत्रों में बल तैनात कर दिया है, ताकि किसी प्रकार की स्थिति न बिगड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *