नई दिल्ली/लाहौर : पाकिस्तान के एक हाईकोर्ट ने मंगलवार को पुलिस को भारतीय सिख महिला सरबजीत को परेशान करना बंद करने का आदेश दिया। महिला ने इस्लाम धर्म अपनाकर स्थानीय मुस्लिम व्यक्ति से शादी कर ली थी। महिला की मुस्लिम व्यक्ति नासिर हुसैन से मित्रता सोशल मीडिया पर हुई थी। सरबजीत कौर (48) 2,000 सिख तीर्थयात्रियों के साथ महीने की शुरुआत में गुरु नानक जयंती उत्सव में शामिल होने के लिए भारत से वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान में दाखिल हुई थी।
तीर्थयात्री 13 नवंबर को घर लौट आए, लेकिन सरबजीत लापता हो गई थी। लाहौर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बाद में बताया कि सरबजीत ने चार नवंबर को पाकिस्तान पहुंचने के एक दिन बाद लाहौर से लगभग 50 किलोमीटर दूर शेखूपुरा जिले के नासिर हुसैन से शादी कर ली। मंगलवार को सरबजीत और नासिर ने लाहौर हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर शिकायत की कि पुलिस ने शेखूपुरा के फारूकाबाद स्थित उनके घर पर अवैध रूप से छापा मारा और उन पर शादी तोड़ने का दबाव डाला।
सरबजीत कौर पाकिस्तान क्यों गई थीं? : ये सब शुरू हुआ सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व से. हर साल नवंबर में गुरु नानक जी की जयंती मनाई जाती है. इस मौके पर भारत से हजारों सिख श्रद्धालु पाकिस्तान जाते हैं, क्योंकि वहां गुरु नानक जी से जुड़े कई ऐतिहासिक गुरुद्वारे हैं, जैसे ननकाना साहिब. इस बार 4 नवंबर को एक बड़ा जत्था (समूह) पाकिस्तान गया. इसमें कुल 1,922 तीर्थयात्री थे. सभी लोग अमृतसर के अटारी बॉर्डर से पैदल पाकिस्तान में दाखिल हुए. इस जत्थे की अगुवाई अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज कर रहे थे. सरबजीत कौर भी इसी जत्थे में शामिल थी.
जत्था से लौटी नहीं सरबजीत : योजना के मुताबिक, ये लोग पाकिस्तान के अलग-अलग गुरुद्वारों में 10 दिन रहेंगे और पूजा-पाठ करेंगे. फिर 13 नवंबर की शाम को पूरा जत्था भारत वापस लौट आया. लेकिन हैरानी की बात ये थी कि 1,922 में से एक व्यक्ति गायब था और वो थी सरबजीत कौर. एक महिला का पाकिस्तान में गुम हो जाना कोई छोटी बात नहीं है. इससे अकाल तख्त साहिब, पंजाब सरकार और भारत सरकार सबकी चिंता बढ़ गई. कपूरथला जिले की पुलिस ने फौरन बयान जारी किया कि सरबजीत कौर की गुमशुदगी की जांच शुरू कर दी गई है.
अचानक आया सरबजीत का वीडियो : पुलिस, RAW और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां अभी जांच में जुटी हुई थीं कि तभी सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो गया. इसमें सरबजीत कौर खुद दिख रही थी और वो शादी कर रही थी. उन्होंने अपना निकाह का हलफनामा (शादी का कागज) भी सार्वजनिक कर दिया. वीडियो में सरबजीत ने साफ-साफ कहा कि वो नासिर हुसैन नाम के व्यक्ति से प्यार करती हैं. वो उसे पिछले 9 साल से सोशल मीडिया के जरिए जानती हैं. उन्होंने बताया कि वो तलाकशुदा हैं और इसी व्यक्ति से शादी करना चाहती थी. वीडियो पाकिस्तान की एक अदालत में रिकॉर्ड किया गया था. वहां न्यायिक मजिस्ट्रेट मुहम्मद खालिद महमूद वार्राइच के सामने सरबजीत ने कहा, ‘किसी ने मेरा अपहरण नहीं किया है. मैं अपनी मर्जी से नासिर हुसैन से शादी करके खुशी-खुशी रह रही हूं.’ उन्होंने ये भी कहा कि भारत से वो सिर्फ अपने पहने हुए कपड़े लेकर आई हैं, कुछ और नहीं.
पाकिस्तान की पुलिस ने क्या कहा? : लाहौर के एक बड़े पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि सरबजीत कौर ने पाकिस्तान पहुंचते ही अगले दिन यानी 4 नवंबर को शादी कर ली. शादी लाहौर से करीब 50 किलोमीटर दूर शेखुपुरा जिले में हुई. उनका पति नासिर हुसैन शेखुपुरा के फर्रुखाबाद इलाके का रहने वाला है. सरबजीत ने अपनी मर्जी से इस्लाम कबूल किया और शादी की. अधिकारी ने कहा कि ये जोड़ा अभी छिपा हुआ है और पुलिस उन्हें तलाश रही है. जब पूछा गया कि क्या खुफिया एजेंसियां उन्हें पकड़कर रखी हुई हैं, तो उन्होंने जवाब देने से मना कर दिया. लेकिन निकाहनामा (शादी का प्रमाणपत्र) की कॉपी से साफ है कि सरबजीत कौर (अब नूर हुसैन) ने नासिर हुसैन से वैध शादी की है.
सरबजीत के पहले पति और बच्चे कौन हैं? : कपूरथला पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, सरबजीत कौर के पास जनवरी 2024 में जालंधर के पासपोर्ट ऑफिस से जारी पासपोर्ट था. पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी की जांच चल रही है, लेकिन धर्म बदलने की कोई पुष्टि नहीं है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरबजीत के खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी के तीन केस दर्ज हैं दो कपूरथला सिटी थाने में और एक बठिंडा के कोट फत्ता थाने में. लेकिन ये केस अदालत में लगभग खत्म होने वाले हैं. सरबजीत अपने पहले पति से अलग हो चुकी हैं. उनका पूर्व पति करनैल सिंह पिछले 30 साल से इंग्लैंड में रह रहे हैं. पहले पति से उनके दो बेटे भी हैं. भारत सरकार के सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान में भारतीय दूतावास पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क में है.
