अलवर : राजस्थान के अलवर में एक पुलिस कॉन्स्टेबल को शुक्रवार को अपनी पहली पत्नी के रहते हुए कथित तौर पर दूसरी शादी करते हुए पकड़ा गया। यह घटना शुक्रवार को एक होटल में हुई, जहां विजय मंदिर पुलिस स्टेशन में तैनात कांस्टेबल जयकिशन अपनी पहली पत्नी और उसके परिवार के आने के बाद दुल्हन के साथ बाथरूम में छिप गया। सूचना मिलने पर अरावली विहार पुलिस होटल पहुंची और दोनों को बाथरूम से बाहर निकाला।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अपनी पहली पत्नी से कानूनी तौर पर शादीशुदा होते हुए दूसरी महिला से शादी कर रहा था। पुलिस ने बताया कि यह घटना अलवर के एक होटल में हुई जहां कॉन्स्टेबल जय किशन अपने परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में कथित तौर पर चुपके से शादी करने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शादी की तैयारियां चल रही थीं। तभी कांस्टेबल की पहली पत्नी रीना अपने रिश्तेदारों के साथ होटल पहुंची। उसे बताया गया था कि जयकिशन चुपके से दूसरी औरत से शादी करने वाला है। रीना ने शादी की रश्में रुकवा दी। पुलिस के आने पर होटल में मौजूद मेहमानों ने अपना चेहरा छिपाने और जाने की कोशिश की, जबकि अधिकारियों ने भीड़ को तितर-बितर किया और जगह को सुरक्षित किया।
पत्नी रीना के भाई भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि शादी में सालों से दिक्कतें थीं। उन्होंने कहा कि रीना ने 2011 में जयकिशन से शादी की थी, लेकिन छह साल बाद परिवार ने उसे रामगढ़ में दूसरी औरत के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। इसके बावजूद रीना ने हालात सुधरने की उम्मीद में शादी जारी रखी।
भूपेंद्र ने आगे दावा किया कि कांस्टेबल के अफेयर बंद नहीं हुए और पिछले कुछ सालों में कई रिश्ते सामने आए। इन दिक्कतों की वजह से, रीना पिछले आठ सालों से अपने 12 और 14 साल के दो बच्चों के साथ अपने माता-पिता के घर रह रही है। उन्होंने कहा कि जब भी कांस्टेबल का किसी नए पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर होता था, तो वह कथित तौर पर नए रिश्ते बना लेता था।
