पाकिस्तान गाजा में भेजेगा सैनिक, उप प्रधानमंत्री डार बोले- हमास से समर्पण करवाना हमारा काम नहीं

POK-Pakistan

इस्लामाबाद : मध्य पूर्व में जारी गाजा संकट को लेकर पाकिस्तान ने बड़ा कदम उठाया है। उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने शनिवार को घोषणा की कि पाकिस्तान गाजा में इंटरनेशनल सिक्योरिटी फोर्स की सहायता के लिए सैनिक भेजेगा। डार ने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान का उद्देश्य किसी भी समूह से समर्पण करवाना नहीं है, यह फिलिस्तीनी प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय कानून का विषय है।

डार ने कहा कि गाजा में किसी भी मिशन से पहले इस बात की जरूरत है कि सैनिकों की भूमिका, विनियमन, अधिकार और जिम्मेदारियां बिल्कुल स्पष्ट हों। ISF का मुख्य उद्देश्य युद्धोपरांत गाजा पट्टी में स्थिरता, सुरक्षा और मानवीय व्यवस्था को बहाल करना है।

डार ने साफ कहा कि हमास से समर्पण करवाना पाकिस्तान का काम नहीं है। यह फिलिस्तीन के कानून और संबंधित अधिकारियों का दायित्व है, अन्य देशों को इसमें दखलंदाजी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान केवल शांति और स्थिरता बहाल करने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में योगदान देगा।

डार ने यह भी दावा किया कि पिछले चार वर्षों में पाकिस्तान 4,000 सैनिकों की मौत और 20,000 से अधिक जवानों के घायल होने जैसी भारी कीमत चुका चुका है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता संभालने के बाद पाकिस्तान को सुरक्षा और आतंकवाद के मोर्चे पर गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) के लड़ाकों को सीमा इलाके में पनाह नहीं दी जानी चाहिए। डार ने दावा किया कि हाल में तालिबान सरकार ने उन्हें जानकारी दी कि सैकड़ों टीटीपी उग्रवादियों को हिरासत में लिया गया है। अफगान विदेश मंत्री अमीर मुत्ताकी ने पाकिस्तान को प्रतिनिधिमंडल भेजकर इन उग्रवादियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करने को भी कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *