श्रीनगर : जम्मू के परगवाल क्षेत्र में सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ ) ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक घुसपैठिए को हथियार सहित पकड़कर एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अब्दुल खालिक के रूप में हुई है। उसके पास से एक चीनी पिस्टल बरामद की गई है।
बीएसएफ द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद केंद्रीय जांच एजेंसियों और बीएसएफ ने उससे विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस पोस्ट परगवाल (थाना खौर) को सौंप दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, अब्दुल खालिक बड़ी संख्या में आतंकियों की घुसपैठ करवाने की कोशिश में था और सीमा क्षेत्र में सक्रिय नेटवर्क से जुड़ा हुआ हो सकता है।
पिछले दो सप्ताह से बीएसएफ , पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सीमा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चला रही थीं। इसी सतर्कता के चलते यह घुसपैठ प्रयास विफल हो गया। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी के नेटवर्क, संपर्कों और मंशा से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
