रांची/हजारीबाग : आतंकी नेटवर्क का सुराग मिलने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम एक्शन मोड पर आ गई है। झारखंड के हजारीबाग में बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई एक शख्स के आईएसआईएस (ISIS) नेटवर्क से जुड़े होने के संदेह के आधार पर की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी शुक्रवार को दी।
कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त : एनआईए ने अंसार नगर क्षेत्र में स्थित शाहनवाज आलम के घर पर छापा मारा और तलाशी के दौरान एक लैपटॉप, प्रिंटर और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए, जिनके आतंकी नेटवर्क में इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है। एनआईए अधिकारियों ने बरामद लैपटॉप और दस्तावेजों की सामग्री के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। जिले की पुलिस ने भी पुष्टि की कि यह कार्रवाई एनआईए की टीम द्वारा की गई है।
संदिग्ध आतंकी शाहनवाज आलम से जुड़े होने की बात : यह छापेमारी एक डॉक्टर द्वारा दी गई जानकारी के बाद की गई है, जिसे इससे पहले एनआईए ने गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई उस नेटवर्क की जांच का हिस्सा है, जो संदिग्ध आतंकी शाहनवाज आलम से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। शाहनवाज को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अक्टूबर 2023 में गिरफ्तार किया था।
शाहनवाज आईएसआईएस हैंडलरों के संपर्क में था : शहनवाज मूल रूप से हजारीबाग का रहने वाला है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि उसका नेटवर्क झारखंड में भी सक्रिय हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, शाहनवाज 2019 में लूट और चोरी के आरोप में जेल गया था। दिसंबर 2020 में जमानत मिलने के बाद वह कथित तौर पर आईएसआईएस हैंडलरों के संपर्क में आ गया और बाद में पुणे आईएसआईएस मॉड्यूल केस में अहम भूमिका निभाने लगा। अधिकारियों को शक है कि उससे जुड़े कुछ लोग अभी भी झारखंड में सक्रिय हो सकते हैं।
