रांची/धनबाद : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह धनबाद में फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला कारोबारी मनोज अग्रवाल के धनसार और भेलाटांड स्थित आवास और कार्यालय पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई सुबह करीब 7:30 बजे शुरू हुई, जब ईडी की चार गाड़ियां केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ दोनों ठिकानों पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को घेर लिया, जबकि ईडी की टीम भीतर जाकर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी हुई है।
पहले धनबाद में लगभग 18 ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की थी : सूत्रों के अनुसार, ईडी वित्तीय लेन-देन, कोयला कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की बारीकी से जांच कर रही है। संभावना है कि टीम पूरे दिन तलाशी अभियान जारी रखेगी।
गौरतलब है कि पिछले माह भी ईडी ने धनबाद में लगभग 18 ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की थी। उस दौरान कोयला कारोबारी अनिल गोयल और लालबाबू सिंह के आवास एवं कार्यालयों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड बरामद किए गए थे।
आधिकारिक रूप से कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई : यह एक महीने के भीतर ईडी की दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसे कोयला कारोबार में संभावित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। छापेमारी की खबर से स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया। हालांकि, ईडी ने अभी तक आधिकारिक रूप से कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। जांच पूरी होने तक मनोज अग्रवाल के ठिकानों पर सुरक्षा बलों की कड़ी तैनाती जारी रहेगी।
