बिहार : जहानाबाद के उर्दू कन्या विद्यालय में प्रिंसिपल पर छात्राओं से छेड़खानी का आरोप, हुआ हंगामा-प्रदर्शन

Jehanabad-School-Principal

जहानाबाद : बिहार में जहानाबाद जिला मुख्यालय स्थित एक स्कूल के प्रधानाध्यापक पर छात्राओं से छेड़खानी करने का आरोप लगा है। एक नहीं बल्कि तीन छात्राओं ने यह आरोप लगाया है, जिसके बाद बुधवार को स्कूल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

स्कूल परिसर और सड़क पर प्रदर्शन : आरोप सामने आने के बाद आक्रोशित छात्राएं और उनके परिजन स्कूल पहुंच गए। स्कूल में हंगामा हुआ और परिजनों ने स्कूल के सामने सड़क पर भी प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने संभाली स्थिति : मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। स्कूल और आसपास के इलाके में पुलिस की तैनाती की गई ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इस मामले को लेकर पीड़ित छात्राओं की ओर से नगर थाने में एफआईआर के लिए आवेदन दिया गया है। खबर लिखे जाने तक छात्राओं के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।

पहले भी लग चुके हैं आरोप : परिजनों का कहना है कि प्रधानाध्यापक महीनों से छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। यह भी बताया जा रहा है कि इससे पहले भी प्रधानाध्यापक पर इसी तरह के आरोप लग चुके हैं, हालांकि पूर्व में एक मामले में जांच के बाद इसे कुछ लोगों की साजिश बताया गया था।

स्कूल के भीतर अवैध गतिविधियों का दावा : छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रधानाध्यापक ने स्कूल के एक कमरे में अवैध तरीके से बेड लगा रखा है। इस दावे को लेकर भी जांच की मांग की जा रही है। वहीं, सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। फिलहाल शिक्षा विभाग और पुलिस दोनों ही इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपों में कितना दम है।

एसपी ने क्या बताया? : एसपी विनीत कुमार ने मीडिया को बताया कि पीड़ित छात्राओं के आवेदन के आधार पर पुलिस एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। साथ ही इस मामले में शिक्षा विभाग को भी अपने स्तर से कार्रवाई करनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *