गोपालगंज : बिहार में गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के गौरूप समईल गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने बिना तलाक दिए तीन वर्षों के भीतर तीन शादियां कर लीं। हैरानी की बात यह है कि तीनों पत्नियां एक-दूसरे से अनजान थीं। मामले का खुलासा होने के बाद दो पत्नियां थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।
सीवान जिले के गोरिया कोठी की रहने वाली 24 वर्षीय गुड़िया कुमारी के अनुसार, उनकी शादी गोपालगंज के मीरगंज निवासी पिंटू बरनवाल से अप्रैल 2024 में हुई थी। पिंटू के पिता वशिष्ठ बरनवाल की मृत्यु हो चुकी है। गुड़िया का कहना है कि शादी के समय उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि पिंटू पहले से शादीशुदा है। जब उन्हें इसकी भनक लगी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। गुड़िया का आरोप है कि पति ने बिना तलाक दिए तीसरी शादी भी कर ली। इसके बाद उन्होंने मीरगंज थाने में पति पिंटू बरनवाल, उसकी मां और बहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
इसी तरह पिंटू बरनवाल की पहली पत्नी खुशबू कुमारी उर्फ अमृता ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। खुशबू का दावा है कि उनकी शादी वर्ष 2022 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के दौरान उनके पिता ने 20 ग्राम सोना, कई तोला चांदी और तीन लाख रुपये उपहार में दिए थे। इसके बावजूद पति दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने लगा।
खुशबू ने थाने में दर्ज कराया एफआईआर : खुशबू ने थाने में दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद सुहागरात के समय पति ने उनकी न्यूड वीडियो बनाते हुए जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। उन्होंने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और जबरन संबंध बनाने का मामला दर्ज कराया है। खुशबू का यह भी कहना है कि पिंटू ने अब सारण जिले की एक युवती से तीसरी शादी कर ली है, जिससे वह एक बच्चे की मां भी बन चुकी है। उस युवती को भी यह नहीं बताया गया कि पिंटू पहले से दो शादियां कर चुका है।
पति ने जो कहा उससे दंग रह जाएंगे : दो पत्नियों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति पिंटू बरनवाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, आरोपी पिंटू बरनवाल ने अपने बचाव में अजीब तर्क दिया है। उसका कहना है कि उसने तीन शादियां जरूर की हैं, लेकिन यह उसकी मजबूरी थी। उसने दावा किया कि उसे एक महिला में जो गुण चाहिए थे, वे उसे नहीं मिले। पिंटू का यह भी कहना है कि उसने बिना दहेज के शादी की थी और दोनों पत्नियां झूठे आरोप लगा रही हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
