रायपुर : छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी के जेवरात को बिना वैध दस्तावेज के गिरवी रखने के मामले में बजाज फाइनेंस की महिला कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस केस में चोरी की वारदात करने वाले विधि के साथ संघर्षरत बालक और आरोपी आशीष नेताम को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
सुशीला जाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 अक्टूबर 2025 को बीमारी के चलते वह अपने परिवार के साथ ओडिशा चली गई थीं। 25 अक्टूबर को जब वह घर लौटीं तो दरवाजे और कमरे का ताला टूटा मिला। अलमारी का लॉक भी तोड़ा गया था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी के आरोपी से खुला राज : पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले चोरी करने वाले अपचारी बालक और आशीष नेताम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आशीष ने चोरी के जेवर बजाज फाइनेंस, तेलीबांधा में गिरवी रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और जांच में सामने आया कि बजाज फाइनेंस की कर्मचारी सनोहर जहां ने बिना किसी वैध दस्तावेज के चोरी का सोना गिरवी रखा था।
पुलिस ने महिला कर्मचारी को किया गिरफ्तार : पुलिस ने आरोपी महिला सनोहर जहां को धारा 317(2) बी.एन.एस. के तहत गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के जेवर भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन और अपराध में सहयोग की श्रेणी का मामला है।
