हरियाणा : हनीट्रैप में फंस युवक पाकिस्तान के लिए करता था जासूसी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

police-arrest-pak-supporter

अंबाला : हनीट्रैप में फंसकर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में अंबाला पुलिस ने साहा थाना क्षेत्र स्थित सबगा गांव निवासी 31 वर्षीय युवक को पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में आया था। वह सेना से जुड़ी सूचनाएं जैसे यूनिट कहां जा रही है व कहां कौन सी यूनिट है व अन्य जानकारी साझा कर रहा था। अंबाला सीआईए-2 की टीम ने आरोपी को शुक्रवार को कैंट बस स्टैंड के निकट से काबू किया था। शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया है।

सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद अंबाला पुलिस अलर्ट हो गई थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी छह से सात माह से सूचनाएं दे रहा था। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या ऑपरेशन सिंदूर के समय भी आरोपी ने सूचनाएं पहुंचाई थी और क्या-क्या जानकारी दी थी। हालांकि पुलिस को आरोपी के पास से व्हाट्सएप चैट व वॉइस कॉल डिटेल भी मिली है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब छह से सात माह पहले पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (आईएसआई) ने एक महिला की फर्जी प्रोफाइल के जरिए आरोपी युवक से संपर्क साधा था। फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। धीरे-धीरे उसे प्रेम जाल में फंसाया और फिर ब्लैक मेलिंग या लालच के जरिए उससे सैन्य ठिकानों की तस्वीरें और गोपनीय दस्तावेज मांगे जाने लगे। जिन्हें वह नियमित रूप से साझा कर रहा था। पहले फेसबुक पर बात हुई थी। बाद में व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया। अभी आरोपी के खातों को भी खंगाला जाएगा कि आखिर सूचनाएं देने की एवज में पैसे तो नहीं ट्रांसफर हुए। आरोपी शादीशुदा है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी चिनाई का काम करता है। वह सैन्य क्षेत्र में ही अलग-अलग यूनिट में भी एक निजी ठेकेदार के जरिये काम करता था। यह भी जांच का विषय है कि आखिर वह किस ठेकेदार के संपर्क में था, उसे इस बात की जानकारी थी कि नहीं।

अंबाला भारतीय सेना व वायुसेना का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक सैन्य केंद्र है। अंबाला में करीब 100 साल पुराना एयरफोर्स स्टेशन है जो ब्रिटिश काल से मौजूद है। यह राफेल विमानों का बेस भी है। इसके साथ ही पुराना आर्मी बेस है। सेना की कई संवेदनशील यूनिट भी यहां पर है।

हनीट्रैप में फंसकर सेना से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान को देने के मामले में युवक को काबू कर रिमांड पर लिया है। वह शादीशुदा है। रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। – अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक अंबाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *