पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की बर्बर वारदात को अंजाम दिया गया, जहां दरिंदों ने न केवल उसका अपहरण किया बल्कि उसे नशे की हालत में पूरी रात हैवानियत का शिकार बनाया।
पीड़िता की हालत इस वक्त बेहद नाजुक बनी हुई है और वह पूर्णिया जीएमसीएच में मौत से जूझ रही है। यह सनसनीखेज वारदात डगरूआ थाना क्षेत्र के बरियार चौक स्थित जोया ट्रेडर्स परिसर की है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता नेवलाल चौक से पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान चार पहिया वाहन पर सवार छह युवक वहां पहुंचे और रास्ते में ही उसे रोक लिया।
युवती को पिलाई शराब : विरोध करने पर युवकों ने जबरन उसे गाड़ी में खींच लिया और मुंह दबाकर शोर मचाने से रोका। आरोपी युवती को बरियार चौक स्थित जोया ट्रेडर्स के एक सुनसान कमरे में ले गए, जहां उसे बंधक बना लिया गया। इसके बाद दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी गईं। युवती को जबरन शराब पिलाई गई और फिर नशे व ताकत के बल पर छह युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना को अंजाम देने के बाद पांच आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि मुख्य आरोपी मोहम्मद जुनैद वहीं मौजूद रहा। गंभीर हालत में होने के बावजूद पीड़िता ने साहस का परिचय दिया। जब आरोपी नशे की हालत में सो गया, तब पीड़िता ने उसका मोबाइल उठाया और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को अपनी लोकेशन और पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़ित की हालत नाजुक : पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसे बंद कमरे में डांस करने को भी कहा। उसके बाद उसके साथ मारपीट भी करते रहे। उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पूर्णिया में हुई इस घटना ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया है। पुलिस के इकबाल पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उधर, पीड़ित की हालत नाजुक बताई जा रही है।
एक आरोपी गिरफ्तार : सूचना मिलते ही डगरूआ थाना की गश्ती पुलिस हरकत में आई और बताए गए स्थान पर पहुंची। कमरे के बाहर ताला लटका देख पुलिस ने लोहे की रॉड और ईंटों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। पीड़िता खून से लथपथ और बदहवास हालत में थी, जबकि आरोपी पास में ही सोया हुआ मिला। पुलिस ने मौके से आरोपी मोहम्मद जुनैद को गिरफ्तार कर लिया और तत्काल पीड़िता को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया।
डगरूआ थाना की पुलिस ने बताया कि छह युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता की स्थिति गंभीर है और इलाज जारी है। फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
