नई दिल्ली : इजरायल के नजदीक वेस्ट बैंक में एक अजीबोगरीब हादसा हुआ. जहां एक हेलीकॉप्टर दूसरे को आसमान में खींचकर ले जा रहा था, जिस हेलिकॉप्टर को रेस्क्यू करके खींच कर ले जा रहा था वो अचानक नीचे गिर जाता है. एयर क्रैश की ये दुर्घटना एक रिहायशी इलाके के पास घटी. हेलीकॉप्टर जहां जमीन पर गिरा वो कुछ घरों के एकदम नजदीक था. इस मामले का वीडियो वायरल हो रहा है. आसमान में सैकड़ों फीट ऊपर दिखा यह नजारा कुछ वैसा था जैसा कि आपने सड़कों पर एक कार को दूसरी कार को जंजीर या रस्सी से बांध ले जाते हुए देखा होगा.
हार्नेस फेल होने से हादसा : हालांकि राहत की बात ये रही कि इस हादसे में न कोई घायल हुआ और ना ही दुर्घटना में किसी की मृत्यु हुई. 16 जनवरी, 2026 को गुश एटजियन के पास एक हेलीकॉप्टर को उसके हार्नेस से नीचे गिरते देखा गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्नेस फेल होने से हादसा हुआ. आपको बताते चलें कि दुर्घटना का शिकार हुए यानशुफ हेलीकॉप्टर ने मंगलवार को खराब मौसम के कारण एटजियन ब्रिगेड सेक्टर में इमरजेंसी लैंडिंग की थी. उसे वापस ले जाने की कोशिश के दौरान हादसा हो गया. क्रैश हुआ चॉपर यानशुफ जिस हार्नेस से जुड़ा था उसमें खराबी आने से ये हादसा हुआ.
इजरायल की डिफेंस फोर्स का इस दुर्घटना पर बयान आया है. IDF ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ. इजरायली वायु सेना के कमांडर, मेजर-जनरल टोमर बार ने घटना की जांच के लिए एक सैन्य जांच समिति बनाने का आदेश दिया है.
कहां है वेस्ट बैंक? : फिलिस्तीन के दो हिस्से हैं, पहला गाजा पट्टी और दूसरा वेस्ट बैंक. इजरायल की नजर दोनों ओर रही है. इजरायल गाजा को खाली प्लॉट बना चुका है. ट्रंप इसे नए सिरे से बसाने जा रहे हैं. दूसरी ओर वेस्ट बैंक पर भी इजरायल देर सबेर कब्जा करना चाहता है. जॉर्डन नदी के पश्चिम में स्थित ‘वेस्ट बैंक’ करीब 5,655 वर्ग किलोमीटर में फैला है. यहां करीब 30 लाख फिलिस्तीनी रहते हैं. वेस्ट बैंक की इकॉनमी इजरायल पर निर्भर है. 1967 के 6 दिन के युद्ध में इजरायल ने जॉर्डन से यह इलाका अपने नियंत्रण में लिया था. अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक, ये फिलिस्तीनी राज्य का हिस्सा होना चाहिए, लेकिन इजरायल इसे ‘विवादित क्षेत्र’ मानता है.
