नई दिल्ली : दक्षिण अमेरिकी देश ग्वाटेमाला में गैंग हिंसा ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। राजधानी ग्वाटेमाला सिटी और आसपास के इलाकों में हुए समन्वित हमलों में 7 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हिंसा उस वक्त भड़की जब सुरक्षा बलों ने देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित रेनोवेशन अधिकतम सुरक्षा जेल पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया। एक रात पहले ही कैदियों ने तीन हाई-सिक्योरिटी जेलों पर कब्जा कर 46 जेल प्रहरियों को बंधक बना लिया था। बढ़ते तनाव को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय ने पूरे देश में सोमवार को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। जेलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सैन्य गश्त भी तेज कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, जेलों में बंद गैंग लीडर्स ने बाहर मौजूद अपने साथियों को जवाबी हमलों के आदेश दिए। इसी के चलते राजधानी में पुलिस को निशाना बनाया गया। गृह मंत्री मार्को एंटोनियो विलेदा ने बताया कि इन हमलों में 10 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि एक गैंग सदस्य भी मारा गया।
एंटी-रायट पुलिस ने एस्कुइंटला स्थित जेल में धावा बोलकर 9 बंधक प्रहरियों को सुरक्षित मुक्त करा लिया। इस दौरान भारी गोलीबारी हुई, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी प्रहरी सुरक्षित पाए गए। हालांकि, अब भी दो अन्य जेलों में 30 से अधिक गार्ड बंधक बने हुए हैं।
पुलिस और सेना की संयुक्त टीमें लगातार हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। गृह मंत्री ने साफ शब्दों में कहा राज्य अपराधियों के सामने नहीं झुकेगा। उन्होंने इसे सरकार द्वारा संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान का परिणाम बताया।
