यूपी : दिल्ली के मैक्स में चल रहा मंदिर की परिक्रमा करने वाले कुत्ते का इलाज

Dog-Treatment-Delhi

बिजनौर : यूपी के बिजनौर स्थित नगीना क्षेत्र के ग्राम नंदपुर में स्थित नंदलाल देवता महाराज के मंदिर में परिक्रमा करने वाले कुत्ते का इलाज ट्रस्ट की टीम द्वारा मैक्स दिल्ली में कराया जा रहा है। अस्पताल में कुत्ते की सभी तरह की जांच कराई जा रही है। रविवार को मंदिर परिसर में अन्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की भीड़ कम रही।

मंदिर परिसर में कुत्ते के परिक्रमा करने को लेकर चर्चा में आए नगीना-बढ़ापुर मार्ग पर स्थित प्राचीन मंदिर में पिछले एक सप्ताह से मेले जैसा उत्सव नजर आ रहा है। गांव ही नहीं, आसपास व गैर जनपद से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर प्रसाद चढ़ा रहे हैं। 72 घंटे तक लगातार परिक्रमा करने के बाद बीमार हुए कुत्ते के इलाज के लिए प्रेम पथ एनिमल शेल्टर के कार्यकर्ता आगे आए। तीन दिन तक निगरानी करने के बाद कुत्ते को बड़ी जांच व इलाज के लिए शनिवार की रात्रि दिल्ली ले गए।

ट्रस्ट के अश्वनी चित्रांश ने बताया कि उनकी टीम पहले कुत्ते को नोएडा के एक चैरिटेबल ट्रस्ट अस्पताल में ले गई और वहां इलाज के बाद दिल्ली मैक्स में इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुत्ते के साथ गांव के दो ग्रामीण भी साथ में आए हैं, जिनकी मौजूदगी में ही उसका इलाज हो रहा है।

ग्राम नंदपुर निवासी अश्वनी सैनी, राजेंद्र सैनी, अमित सैनी, हिमांशु सैनी आदि का कहना है कि अब तक गांव में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु प्रसाद चढ़ाने आ चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अकेले शनिवार को ही 20 हजार से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में समाधि बनाने की भी तैयारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि मंगलवार को मंदिर परिसर में बड़े भंडारे का आयोजन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *