GG vs RCB : विमेंस प्रीमियर लीग में आरसीबी की लगातार 5वीं जीत

Women-premiur

वडोदरा : विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत का सिलसिला जारी है। सीजन के 12वें और वडोदरा फेज के पहले मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात जायंट्स को 61 रनों के बड़े अंतर से हराया। पहले खेलते हुए आरसीबी ने 6 विकेट पर 178 रन बना। जवाब में गुजरात की टीम 8 विकेट पर 117 रन ही बना पाई। 5 मैचों में आरसीबी की यह 5वीं जीत है। दूसरी तरफ गुजरात 5 मुकाबलों में 3 हार चुका है।

आरसीबी की शुरूआत अच्छी नहीं रही। पहले ओवर में ग्रेस हैरिस और दूसरे ओवर में जॉर्जिया वोल पवेलियन लौट गए जब स्कोर नौ रन ही था लेकिन इसके बाद नाईक ने पारी को संभाला। जवाब में गुजरात की टीम शुरू ही से दबाव में रही और सातवें ओवर में 34 रन के स्कोर पर उसके चार विकेट गिर गए। बेथ मूनी, सोफी डेवाइन, अनुष्का शर्मा और कनिका आहूजा पवेलियन लौट चुकी थीं।

काशवी गौतम और जॉर्जिया वेयरहैम भी टिक नहीं सकीं। कप्तान एशले गार्डनर ने 43 गेंद में 54 रन बनाये लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिल सका। गार्डनर ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का जड़ा लेकिन उनकी टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 117 रन ही बना सकी। आरसीबी की गेंदबाज सयाली सतघारे ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 21 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि नडाइन डि क्लेर्क को दो विकेट मिले।

इससे पहले गुजरात के लिये आरसीबी का पहला विकेट तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने और दूसरा आस्ट्रेलिया दौरे के लिये भारतीय टीम में जगह बनाने वाली गौतम ने चटकाया। पिछले मैच में 96 रन बनाने वाली कप्तान स्मृति मंधाना (23 गेंद में 26 रन) ने नाईक के साथ तीसरे विकेट के लिये 60 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। गुजरात की कप्तान गार्डनर ने हालांकि मंधाना को पगबाधा आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा।

नाईक ने 55 गेंद की अपनी पारी में सात चौकों और एक छक्के के साथ 73 रन बनाये। उन्होंने रिचा घोष के साथ चौथे विकेट के लिये 69 रन जोड़े। रिचा ने 20 गेंद में 27 रन का योगदान दिया जिसमें तीन छक्के शामिल थे। नाईक को 18वें ओवर में गार्डनर ने बोल्ड किया। राधा यादव ने आखिर में आठ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 17 रन बनाये। गुजरात जायंट्स के लिये गौतम और गार्डनर ने दो दो विकेट लिये जबकि सोफी डेवाइन और रेणुका सिंह को एक एक विकेट मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *