बिहार : तुम क‍िसी और को चाहोगी तो मुश्‍क‍िल होगी! स्कूल जा रही छात्रा की मांग में डाल दिया सिंदूर

yupi-student-bihar

बांका : जिले के जयपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ रास्ते में एक युवक ने जबरदस्ती करते हुए उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे युवक ने उसे रोक लिया। छात्रा के विरोध करने के बावजूद युवक ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया और कहा कि तुमको हमसे प्यार करना ही होगा।

घटना इतनी अचानक हुई कि छात्रा कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि उक्त युवक काफी दिनों से उसका पीछा कर रहा था और आए दिन रास्ते में छेड़खानी करता था। वह बार-बार प्यार करने और मिलने-जुलने का दबाव बनाता था। छात्रा के साफ इंकार करने के बावजूद उसकी हरकतें लगातार बढ़ती जा रही थीं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उस पर गंदी नजर रखता था और मानसिक रूप से उसे परेशान करता था।

घटना से भयभीत छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद छात्रा के पिता ने देर शाम जयपुर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के घरचप्या गांव निवासी 25 वर्षीय प्रमोद मुर्मू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जब छात्रा ने घटना के दौरान शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग निकला। जयपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद छात्रा और उसके परिवार में भय का माहौल है। पीड़िता मानसिक रूप से काफी डरी-सहमी है और स्कूल जाने से भी भयभीत है। वहीं, इस घटना को लेकर ग्रामीणों और छात्रा के स्वजनों में भारी रोष देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *