जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को श्री जगन्नाथ मंदिर और एक आध्यात्मिक केंद्र की जमशेदपुर में आधारशिला रखेंगी. इस मौके पर ‘भूमि पूजन’ भी किया जाएगा. श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र न्यास के प्रबंध न्यासी एस.के. बेहरा ने शनिवार को इसकी जानकारी दी.
एस.के. बेहरा ने बताया कि राष्ट्रपति मंदिर परिसर की आधारशिला रखेंगी, जिससे न्यास की एक महत्वपूर्ण परियोजना की औपचारिक शुरुआत होगी. उन्होंने कहा कि अंतिम मंदिर संरचना को पूरा होने में लगभग चार वर्ष का समय लगेगा, लेकिन न्यास ने आध्यात्मिक केंद्र को प्राथमिकता दी है, ताकि वह पहले कार्य करना शुरू कर सके.
प्रबंध न्यासी ने बताया कि जमशेदपुर का यह आध्यात्मिक केंद्र शोध विद्वानों और छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां आध्यात्मिक विज्ञान और सांस्कृतिक विरासत पर अध्ययन व शोध को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे युवाओं को भविष्य के लिए नैतिक और बौद्धिक आधार मिल सके.
एस. के. बेहरा ने बताया कि 2.5 एकड़ क्षेत्र में फैले इस मंदिर का निर्माण पूरी तरह पत्थर से किया जाएगा. मंदिर की संरचना में उत्कृष्ट शिल्प कौशल और पारंपरिक मंदिर वास्तुकला की झलक देखने को मिलेगी. आध्यात्मिक केंद्र और मंदिर के गर्भगृह को समय पर पूरा करने के लिए निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है.
बेहरा ने बताया कि इस परियोजना की जड़ें उस समय से जुड़ी हैं, जब द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल थीं, उसी दौरान इस परियोजना के लिए भूमि का मूल रूप से आवंटन किया गया था. अब राष्ट्रपति के रूप में उनके हाथों आधारशिला रखे जाने से परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है.