बिहार : इश्क में डिलीवरी ब्वॉय बनकर आया प्रेमी! प्रेमिका के घर में मिली डेड बॉडी

Bihar-Katihaar

कटिहार : बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग की एक हतप्रभ करने वाली घटना प्रकाश में आई है जहां डिलीवरी ब्वॉय बनकर आए प्रेमी का शव उसकी प्रेमिका के घर से बरामद किया गया है। शव पंखे से लटक रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। दरअसल, यह पूरा मामला मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर बाजार का है, जहां रविवार को एक घर के कमरे से युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के सुजापुर निवासी विनायक पंडित के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि विनायक का कुमारीपुर की रहने वाली एक विवाहिता महिला के साथ प्रेम संबंध था और शनिवार की रात वह डिलीवरी ब्वॉय बनकर पहुंचा था। सुबह विनायक का शव महिला के घर के एक कमरे से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। मौके पर पहुंचे मनिहारी थाना प्रभारी पंकज आनंद ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया अवैध प्रेम संबंध में हत्या और आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। चर्चा है कि मृतक का महिला के साथ दो वर्षों से प्रेम संबंध था। प्रेमी जब अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था तब घर में कोई भी पुरुष सदस्य नहीं थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कथित प्रेमिका महिला और उसकी देवरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *