कठुआ : बिलावर के मलाड़, लोहाई मल्हार में सोमवार को तीन हथियारबंद आतंकी देखे गए। आतंकियों ने रास्ता न बताने पर एक बच्चे को पीटा। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं।
बिलावर के मलाड़, लोहाई मल्हार में सोमवार को तीन हथियारबंद आतंकी देखे गए। आतंकियों ने रास्ता न बताने पर एक बच्चे को पीटा। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह दस बजे के करीब मलाड़ में एक बच्चे से तीन आतंकियों ने रास्ता पूछा। सहयोग न करने पर बच्चे की पिटाई की गई। सूचना पर सुरक्षाबलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इच्छू, मलाड, किंडली, नाठी से लेकर दरगल, चरनी के इलाके में आतंकियों की तलाश की जा रही है।
ज्ञात रहे कि बीते एक महीने में सुरक्षाबलों ने कठुआ और उधमपुर की सीमा से सटे इलाकों में दो सफल ऑपरेशन में तीन आतंकियों को ढेर किया है। इलाके में कुछ और आतंकियों के दल सक्रिय होने की पूर्व में भी जानकारी सामने आती रही है। ऐसे में नियमित रूप से भी सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
बनी सब डिवीजन से लेकर बिलावर उपजिले के इलाके में आतंकियों की सक्रियता पिछले तीन वर्ष में बढ़ी है। छत्रगला से लेकर नुकनाली और इससे सटे बेहाली इलाकों में पूर्व में आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हो चुकी हैं। बिलावर, उधमपुर के बसंतगढ़ से लेकर लोहाई मल्हार और कठुआ के जखोल से लेकर कोहग तक का इलाका आतंकी मूवमेंट के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। ऐसे में सुरक्षाबल भी मिल रहे इनपुट को हल्के में नहीं ले रहे हैं।