नई दिल्ली : ग्रीस के रक्षा मंत्री निकोलाओस-जॉर्जियोस डेंडियास भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ग्रीस (हेलेनिक रिपब्लिक) के रक्षा मंत्री निकोलाओस-जॉर्जियोस डेंडियास ने सोमवार को द्विपक्षीय बातचीत की।
इससे पहले ग्रीस के रक्षा मंत्री निकोलाओस डेंडियास ने बेंगलुरु मिलिट्री स्टेशन का दौरा किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने 515 आर्मी बेस वर्कशॉप में भारतीय सेना की ऑपरेशनल और टेक्निकल क्षमताओं को देखा, जिसमें स्वदेशी ड्रोन और सिम्युलेटर टेक्नोलॉजी के साथ-साथ एलीट स्पेशल फोर्स और कॉम्बैट इंजीनियर्स द्वारा इक्विपमेंट डिस्प्ले भी शामिल थे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बैठक में तय हुआ कि भारत की ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल और ग्रीस की ‘एजेंडा-2030’ रक्षा सुधार योजना को जोड़ते हुए दोनों देश अपने-अपने स्वदेशी रक्षा उद्योग को और मजबूत करेंगे। इसी दिशा में भारत और ग्रीस के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने के लिए ज्वाइंट डिक्लेरेशन ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
दोनों रक्षा मंत्रियों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने माना कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और रणनीतिक रिश्ते लगातार गहरे हो रहे हैं। साथ ही, 2026 के लिए द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान भी किया गया, जिससे दोनों देशों की सेनाओं के बीच होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा तय होगी। समुद्री मामलों पर भी दोनों प्राचीन समुद्री राष्ट्रों के बीच अच्छी समझ दिखाई दी।
ग्रीस ने घोषणा की कि वह गुरुग्राम स्थित इन्फॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर–इंडियन ओशन रीजन में अपना एक अंतरराष्ट्रीय संपर्क अधिकारी तैनात करेगा। इससे पहले ग्रीस के रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
