बिहार : पटना के गुरु रहमान को सरेआम गोली मारने की धमकी, CCTV में दिखा आरोपी

Patna-Dhamki

पटना : बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब शिक्षा जगत की जानी-मानी हस्तियां भी सुरक्षित नहीं हैं। पटना के मशहूर शिक्षक और ‘अदम्य अदिति गुरुकुल’ के संचालक गुरु एम रहमान को उनके ही संस्थान में घुसकर सरेआम जान से मारने की धमकी दी गई है। 

यह सनसनीखेज घटना बुधवार, 11 फरवरी, 2026 को शाम करीब 4 बजे घटित हुई, जिसने पूरे शिक्षा जगत और छात्र समुदाय को हिलाकर रख दिया है। घटना के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। वहीं दूसरी ओर कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। 

जानकारी के अनुसार, गुरु रहमान पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित गोपाल मार्केट में अपनी कोचिंग संचालित करते हैं। बुधवार की शाम जब संस्थान में रोज की तरह शैक्षणिक गतिविधियां चल रही थीं, तभी सफेद शर्ट और गले में गमछा डाले एक अज्ञात व्यक्ति उनके कार्यालय (ऑफिस) में जबरन दाखिल हुआ। 

चश्मदीदों के मुताबिक, वह व्यक्ति बेहद आक्रामक था और उसने सीधे गुरु रहमान को निशाना बनाते हुए अभद्र और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया। उसने खुलेआम धमकी दी कि वह गुरु रहमान को गोली मार देगा और चेतावनी दी कि वे अपनी कोचिंग संस्थान को तुरंत बंद कर दें।

स्थान में लगे सीसीटीवी कैमरों ने इस पूरी खौफनाक वारदात को रिकॉर्ड कर लिया है। फुटेज में संदिग्ध शख्स साफ तौर पर गुरु रहमान को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। जब आरोपी ने आपा खो दिया और लगातार भद्दी गालियां देने लगा, तब वहां मौजूद कोचिंग के स्टाफ और छात्रों ने हिम्मत दिखाई। 

उन्होंने किसी तरह समझा-बुझाकर और हस्तक्षेप कर आरोपी को ऑफिस से बाहर निकाला। हालांकि, बाहर निकलने के बाद भी वह शख्स लगातार चिल्लाकर जान से मारने की बात दोहराता रहा। इस गंभीर घटना के तुरंत बाद गुरु रहमान पीरबहोर थाना पहुंचे और पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी। उन्होंने अपनी जान के साथ-साथ अपने परिवार और छात्रों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है।

गुरु रहमान ने पुलिस को वह सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया है, जिसके आधार पर अब आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस तरह खुलेआम धमकी देने वाले अपराधी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि शैक्षणिक माहौल सुरक्षित रह सके। पीरबहोर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और आसपास के दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए कोचिंग संस्थान के आसपास पुलिस गश्त और सुरक्षा बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *