पटना : ‘नीतीश सरकार के अस्पतालों में आपको बिस्तर पर कुत्ते सोते मिल जाएंगे। मरीजों के आंख नोचते चूहे। कचड़े में घूमते सूअर। मरीज का कटा अंग दबाकर भागते कुत्ते, नवजात शिशुओं को काटते चूहे और परिसर में घूमते और कचड़ा खाते गाय आराम से मिल जाएंगे। यह सब बिहार की जनता नीतीश सरकार के अस्पतालों के बारे में आए दिन अखबार – मीडिया के माध्यम से आसानी से लगातार देखते, सुनते, जानते रहती है!
आज भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी ने फिर से यही सच बयां कर दिया।’ उपरोक्त बयान आरजेडी की तरफ से आया है। हुआ यूं कि बिहार विधानसभा में हेल्थ सिस्टम की बदहाली को लेकर बीजेपी विधायक ने सवाल पूछा। उसके बाद आरजेडी ने उसे मुद्दा बनाते हुए एक्स के जरिए नीतीश सरकार पर हमला बोल दिया।
ध्यान रहे कि बिहार में अस्पतालों की बदहाली को लेकर सरकार की कई बार किरकिरी हो चुकी है। ताजा मामला, हाल में सदन के अंदर विधायक मैथिली ठाकुर और उसके बाद मिथिलेश तिवारी की ओर से स्वास्थ्य की बदहाली को लेकर मुद्दा उठाया गया।
उसके बाद आरजेडी की ओर से नीतीश सरकार से सवाल पूछे गए। हालांकि, आरजेडी के एक्स अकाउंट पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए गए हैं। एक अन्य पोस्ट में कहा गया है कि कटिहार में अपराधियों ने पति-पत्नी को मारी गोली। हर रोज दर्जनों हत्या और बलात्कार। कुछ निर्लज्ज चाटुकार इसे ही बता रहे हैं सपनों का बिहार।
आरजेडी के पोस्ट को सोशल मीडिया पर लोग काफी पसंद कर रहे हैं। हालांकि, जेडीयू की ओर से भी लगातार आरजेडी पर हमले किए जा रहे हैं। आरजेडी शासनकाल की याद दिलाई जा रही है। ध्यान रहे कि इससे पूर्व आरजेडी ने राबड़ी देवी पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी को लेकर एक्स पर लिखा था कि अचेत, बेसुध और मानसिक रूप से विक्षिप्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बिहार की प्रथम महिला मुख्यमंत्री राबड़ी देवी जी के लिए अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने पर का बिहार की मताओं और बहनों द्वारा मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। इस पोस्ट के साथ पुतला दहन करने की तस्वीरों को पोस्ट किया गया है। कुल मिलाकर आरजेडी की ओर से हमला तेज कर दिया गया है।