दरभंगा : दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोटगाह गांव में प्रेम प्रसंग का एक अजीब मामला सामने आया है। यहां प्रेमिका से मिलने के लिए एक युवक लड़की का वेश धारण कर गांव पहुंच गया। संदिग्ध अवस्था में घूमते देख ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर इलाज के लिए बहेड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया। पकड़े गए युवक की पहचान साहिल खान के रूप में हुई है। वह बिरौल थाना क्षेत्र के रामनगर-सुपौल बाजार का रहने वाला बताया जाता है।
युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से बहेड़ी थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इसी क्रम में वह गुरुवार शाम फिल्मी अंदाज में लड़की के कपड़े पहनकर अपनी प्रेमिका से मिलने मोटगाह गांव पहुंचा था। इस दौरान ग्रामीणों ने युवक को संदिग्ध परिस्थिति में घूमते देखा और पूछताछ की। युवक स्पष्ट रूप से कुछ बता नहीं सका, जिससे संदेह और बढ़ गया। कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर बताकर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई और युवक की पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से बचाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ लोगों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित थाने ले जाने में सफल रही। पुलिस की सूचना पर युवक के पिता और अन्य परिजन बहेड़ी थाना पहुंचे।
आवश्यक पूछताछ और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को परिजनों के हवाले कर दिया गया। इस संबंध में बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में किसी भी पक्ष की ओर से अब तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक का इलाज कराकर उसे छोड़ दिया गया है।