पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए संभवतः गुरुवार को पटना में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इससे यह संकेत मिलता है कि बिहार में नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी रहेंगे मौजूद : सूत्रों ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, और इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के एक सूत्र के अनुसार जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन राज्यसभा चुनाव के लिए 5 मार्च को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। जब यह पूछा गया कि क्या कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा देंगे, तो सूत्र ने कहा कि यह समय आने पर पता चलेगा।
सीएम नीतीश कुमार अगर राज्यसभा जाएंगे तो उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। ऐसे में बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री हो सकता है, जबकि निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इस तरह की चर्चा लगातार हो रही है। लेकिन न तो इसकी पुष्टि आधिकारिक रूप से की जा रही है और न ही इस मामले में अब तक जेडीयू का कोई बयान ही आया है।
सीएम नीतीश कुमार ही आखिरी लेंगे फैसला : नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों पर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी बड़ा संकेत दिया। मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि इस मामले में सीएम नीतीश कुमार ही आखिरी फैसला लेंगे। उन्होंने बताया कि अभी बातचीत चल रही है, आखिरी फैसला उन्हें ही लेना है। हालांकि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के बारे में विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पार्टी के सभी नेता चाहते हैं कि वे राजनीति में एक्टिव हों और पार्टी की एक्टिविटी में हिस्सा लें।
