धनबाद : पूर्व मध्य रेल के धनबाद रेल मंडल में चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ (रेसुब) ने धनबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वलनशील पटाखों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 7 मार्च को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में रेसुब पोस्ट धनबाद और सीआईबी की संयुक्त स्पेशल टास्क टीम स्टेशन परिसर में कॉन्ट्राबैंड वस्तुओं की जांच के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 2 पर खड़ी गाड़ी संख्या 13307 गंगा-सतलज एक्सप्रेस के सामान्य कोच के पास एक व्यक्ति नीले-हरे रंग का प्लास्टिक बोरा और पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। संदेह होने पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने अपना नाम गगन कुमार (30 वर्ष), निवासी सातोंवंती गोरियारी, थाना नुआंव, जिला कैमूर (बिहार) बताया। उसके पास मौजूद बोरे की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न प्रकार के ज्वलनशील पटाखे जैसे किंग 120 मल्टी कलर शॉट्स, ब्लू बर्ड्स, राउडी बेबी क्रैकिंग, डार्क आउल, फ्लावर पोस्ट डीलक्स, सुप्रीम 150 कलर बॉल्स, पावर प्ले समेत अन्य पटाखे बरामद हुए।
रेलवे सुरक्षा बल ने जब पटाखों को ट्रेन से ले जाने से संबंधित वैध कागजात मांगे, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी पटाखों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में रेसुब पोस्ट धनबाद में रेल अधिनियम की धारा 164 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक कुंदन कुमार को सौंपी गई है।
