झारखंड : इटखोरी में दो बाइक सवार की मौत, छाया मातम

Jharkhand-Itkhori

चतरा : झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई. यह हादसा हजारीबाग रोड स्थित खगरा तालाब मोड़ के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

मृतकों की पहचान पंकज भुइयां और मिथलेश भुइयां के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी काम से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान रात करीब 11 बजे खगरा तालाब मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के घरों में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए. पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *