बिहार : खंभे से बांधकर महिला को बेरहमी से पीटा, गई जान

Bihar-Madhubanni

दरभंगा : मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमही गांव में न्याय की गुहार लगाने गई एक 40 वर्षीय महिला के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान महिला की मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। रविवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।

जानकारी के अनुसार, अमही गांव वार्ड संख्या 11 निवासी मो. सहासुद्दीन की 40 वर्षीय पत्नी रौशन खातून बीते 25 फरवरी को अपनी फरियाद लेकर स्थानीय मुखिया कुमारी देवी के दरवाजे पर पहुंची थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मुखिया ने अपने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद महिला के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना हुई।

बताया जा रहा है कि परिजनों ने महिला को दरवाजे पर ही खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी। बाद में डायल 112 पुलिस को बुलाकर महिला को थाने भेज दिया गया। थाना पर पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कर उन्हें छोड़ दिया। इस घटना के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोघरडीहा में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। अनुमंडलीय अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों समेत तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

महिला को खंभे से बांधकर पिटाई किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुखिया कुमारी देवी के पुत्र मगनू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी अमित कुमार ने की है।

पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *