बिहार : नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने लगाया 10 लाख की मांग और हत्या का आरोप

Bihar-Saadhi

 मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना जिले के पानापुर करियात थाना क्षेत्र के रौशनपुर गांव की बताई जा रही है। मृतका की पहचान पानापुर करियात थाना क्षेत्र के मैसाहा गांव निवासी नंदलाल पाण्डेय की 29 वर्षीय बेटी बबली कुमारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता नंदलाल पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष बिजनेस के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था और रकम नहीं देने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा कि आरोपियों को फांसी की सजा मिले तभी उन्हें न्याय मिलेगा और उनकी बेटी की आत्मा को शांति मिल पाएगी।

परिजनों के अनुसार बबली कुमारी की शादी करीब 22 महीने पहले रौशनपुर गांव निवासी आलोक कुमार सिंह के बेटे आकाश सिंह उर्फ रानू से हुई थी। शादी में परिवार की ओर से काफी खर्च भी किया गया था। इसके बावजूद परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष दहेज को लेकर लगातार दबाव बना रहा था।

परिजनों का कहना है कि शादी के लगभग चार महीने बाद से ही दामाद आकाश कुमार, उसके पिता, मां और ननद द्वारा बबली कुमारी को प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि बिजनेस के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी और जब परिवार ने असमर्थता जताई तो उसे लगातार परेशान किया जाने लगा।

मृतका के पिता के अनुसार दामाद आकाश कुमार ने फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। जब वे मौके पर पहुंचे तो घर के बाहर एंबुलेंस खड़ी थी और उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली। उन्होंने यह भी बताया कि बबली कुमारी के गले पर निशान था, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पानापुर करियात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है, जबकि ससुर, सास और ननद घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *