बिहार : शख्स की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

Bengal-Firing-Murder-gorakhpur

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिले में देर शाम बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने एक पान मसाला दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोइली गांव के पास की बताई जा रही है। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान कोइली भराव गांव निवासी 40 वर्षीय रणधीर कुमार, पिता दिनेश राय के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी ईस्ट वन अलय और रामपुर हरि थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार रणधीर कुमार घर लौट रहे थे, उसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधी हत्या की नीयत से पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और वहां भीड़ जमा हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल रणधीर कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोग शोक में डूब गए।

घटना को लेकर एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे इलाके में घेराबंदी कर फरार अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों का सुराग मिल सके।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या पूर्व नियोजित साजिश का प्रतीत हो रहा है। मामले में परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *