पटना : बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को एक बड़ा एनकाउंटर हुआ है। ये एनकाउंटर पटना के फतुहा इलाके में हुआ। यहां पुलिस ने एक अपराधी को गोली मार कर काबू में किया। दरअसल पहले अपराधियों ने पुलिस पर ही फायरिंग झोंक दी थी। लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई के आगे वो नहीं टिक पाए।
पटना के फतुहा में इस एनकाउंटर के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने जिस अपराधी को गोली मारी है, उसका नाम सुंदरम है। गोली उसके पैर में लगी है। पुलिस और अपराधियों के बीच ये मुठभेड़ फतुहा थाना इलाके के सिरपतपुर में हुई। ये सभी अपराधी एक स्कॉर्पियो गाड़ी और कार में सवार थे।
इसी दौरान पुलिस ने अपराधियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी अपनी बंदूक का मुंह खोल दिया। पुलिस की इस जवाबी कार्रवाई में नीली शर्ट और जींस पहने अपराधी सुंदरम के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसके दोनों अपराधी साथियों की हिम्मत जवाब दे गई। उन्होंने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
इस दौरान पुलिस के हत्थे सुंदरम उर्फ भोला के अलावा दो और अपराधी चढ़े। इनके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा और 1200 जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं इनका एक और साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। इसके अलावा पुलिस ने इनके पास से एक स्कॉर्पियो और एक गाड़ी भी बरामद की, जिसमें ये आए थे। पटना पुलिस के एनकाउंटर के बाद थोड़ी देर के लिए इलाके में सनसनी फैल गई थी। जब लोगों को पूरी बात पता चली तो हालात सामान्य हो गए।
दरअसल पटना पुलिस को खबर मिली थी कि हथियार और कारतूसों के अंतरराज्यीय तस्कर इलाके में घूम रहे हैं। इसी के बाद एक टीम ने इनका पीछा किया। अपराधियों का ये गैंग छपरा जिले का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए अपराधियों में एक इनामी क्रिमिनल भी शामिल है।
