दिल्ली : LPG रिसाव की वजह से आशीर्वाद अपार्टमेंट में ढाई साल की बच्ची की मौत

Delhi-Child-Death

नई दिल्ली : देश में एलपीजी के संकट के बीच दिल्ली से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। दिल्ली में एलपीजी रिसाव की वजह से आशीर्वाद अपार्टमेंट में ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई है। इस घटना से बच्ची के परिवार में हड़कंप मच गया है और लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये मामला पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके का है। यहां एक किराए के फ्लैट में एलपीजी गैस के रिसाव की वजह से ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई और उसकी सात साल की बड़ी बहन बेहोश हो गई।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का एक पैनल बनाया गया है। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) ने पुष्टि की है कि बच्ची की मौत का कारण एलपीजी गैस का रिसाव है। घटना रविवार दोपहर की है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि गाजीपुर स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट में 2 बच्चे बेहोश हो गए हैं। इसके बाद दोनों बच्चों को नोएडा के सेक्टर 11 के हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया, वहीं दूसरी बच्ची की हालत स्थिर है।

ANI से बात करते हुए, मृत बच्ची के पिता राहिद ने बताया कि घर में गैस की वजह से बहुत बदबू आ रही थी और उनकी दोनों बेटियां बेहोश हो गईं। जब मैं अपनी छोटी बेटी को अस्पताल ले जा रहा था, तभी उसकी जान चली गई। जांच में पता चला कि रेगुलेटर के पास गैस लीक हो रही थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें यहां पहुंचीं और उन्होंने जांच की।

बच्ची की मां के अनुसार, दोनों बच्चियां एक साथ खेल रही थीं तभी वे एक-दूसरे पर गिर गईं। उनके पिता, जो दर्जी का काम करते हैं, घटना के समय अपनी दुकान पर थे।

गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच एलपीजी गैस सिलेंडर वैसे भी चर्चा में है क्योंकि ग्राहकों को इसे मिलने में परेशानी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *