पाकिस्तान में ‘ब्लैकआउट’ जैसे हालात, 23 मार्च को गणतंत्र दिवस समारोह रद्द

Pakistan-Blackout

इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने 23 मार्च को राष्ट्रीय दिवस पर होने वाले सैन्य परेड और उससे जुड़े समारोहों को रद्द कर दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रीय दिवस समारोह को रद्द करने का फैसला खाड़ी तेल संकट और सरकार द्वारा अपनाए गए खर्च में कटौती के उपायों के जवाब में किया गया है। 23 मार्च को पाकिस्तान के गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह फैसला मध्य पूर्व में चल रहे संकट के कारण पाकिस्तान को तेल आपूर्ति में आई रुकावटों के कारण लिया गया है। पाकिस्तान इन दिनों गंभीर ऊर्जा संकट से जूझ रहा है। इस कारण पाकिस्तान में पहले ही बड़े पैमाने पर सरकारी खर्चों में कटौती की गई है।

पाकिस्तानी राष्ट्रपति कार्यालय के आधिकारिक X अकाउंट पर शेयर किए गए पोस्ट में लिखा है, “राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने प्रधानमंत्री की सलाह पर, खाड़ी तेल संकट और मितव्ययिता उपायों को देखते हुए, 23 मार्च 2026 को होने वाली पाकिस्तान दिवस परेड और उससे जुड़े कार्यक्रमों को रद्द करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अलंकरण समारोह को अब 28 अप्रैल के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है।”

पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस समारोह का रद्द होना एक ऐतिहासिक घटना माना जा रहा है। यह दिन 1940 के ऐतिहासिक लाहौर प्रस्ताव (पाकिस्तान प्रस्ताव) की याद में मनाया जाता है। इसी प्रस्ताव में मुसलमानों के लिए अलग देश की औपचारिक मांग की गई थी, जिसके कारण 1947 में भारत का विभाजन हुआ। स्वतंत्रता प्राप्त करने के नौ साल बाद 23 मार्च 1956 देश का पहला संविधान अपनाकर पाकिस्तान को एक इस्लामिक गणराज्य घोषित किया गया था। इस अवसर पर इस्लामाबाद में मुख्य रूप से भव्य सैन्य परेड का आयोजन किया जाता है।

मध्य पूर्व संकट के कारण पाकिस्तान में हालात बेकाबू हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से पाकिस्तान में ऊर्जा संकट गहरा गया है। इस कारण पाकिस्तान को ऐसे कड़े कदम उठाने पड़े हैं, जिसने COVID-19 महामारी के दौरान लागू किए गए उपायों की याद दिया दिया है। पाकिस्तान में वर्क फ्रॉम होम को प्रोत्साहित किया गया है। इसके अलावा स्कूलों-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। सरकारी गाड़ियों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। शीर्ष अधिकारियों और नेताओं के विदेश दौरे पर प्रतिबंध है। अधिकारियों और राजनेताओं के वेतन में कटौती की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *