वैष्णो देवी यात्रा बंद : नवरात्रि में भक्तों की भारी भीड़, लोगों को होटल में रहने को कहा

Vaishno-Devi-Yatra

जम्मू : चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर धर्मनगरी इन दिनों भक्तिमय रंग में सराबोर है। नवरात्र के पहले दो दिनों में ही 66142 श्रद्धालुओं ने दरबार में हाजिरी लगाकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया है। श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार शाम करीब पौने 5 बजे तक 41 हजार श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर यात्रा मार्ग पर बढ़ चुके थे। भीड़ के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने कुछ समय के लिए पंजीकरण काउंटरों को अस्थायी रूप से बंद कर यात्रा को नियंत्रित किया है। रविवार, 22 मार्च को सुबह चार बजे से नए पंजीकरण फिर से शुरू होंगे।

यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि मार्ग पर व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति पैदा न हो। श्राइन बोर्ड के अनुसार शुरुआती तीसरे नवरात्र में ही श्रद्धालुओं का आंकड़ा एक लाख को पार कर चुका है। इन दिनों हर ओर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का संगम देखने को मिल रहा है। प्रत्येक चौक-चौराहे, स्बाजारों और यात्रा मार्ग पर देशभर से आए श्रद्धालुओं के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। श्रद्धालु उत्साह के साथ प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी और जय माता दी के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर निरंतर प्रस्थान कर रहे हैं। भक्ति के साथ मौसम भी मेहरबान बना है। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के चलने से वातावरण सुहावना हो गया है। हालांकि हल्की ठंड का अहसास हो रहा है।

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष और कड़े इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही हैं जहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात हैं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा सहायता, स्वच्छ पेयजल, सफाई और विश्राम स्थलों की व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त रखा है।

श्रीधर चौक विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां स्थापित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल सुंदरता और दिव्यता से मन मोह रहा है। विशाल और आकर्षक पंडाल का निर्माण दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों दीपक परोच, नीरज पाराशर, शंकर डोगरा और विनय हीरा की ओर से किया गया है। पंडाल में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के साथ-साथ मां महाकाली, मां सरस्वती, भगवान गणेश और मां वैष्णो देवी की पवित्र पिडिंयों की मनमोहक झांकियां सजाई गई हैं। प्रतिमाओं की अलौकिक छटा को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं।

सुबह और शाम के समय भव्य आरती पंडाल का मुख्य आकर्षण है, जिसमें शामिल होने के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ता है। आरती के दौरान ढोल-नगाड़ों और शंख की ध्वनि के बीच पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर जाता है। एक विशेष परंपरा यह भी देखी जा रही है कि मां वैष्णो देवी की यात्रा पर जाने वाले अधिकांश श्रद्धालु सबसे पहले पंडाल में नतमस्तक हो रहे हैं।

कटड़ा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और श्रीधर चौक का भव्य आयोजन इस बात का प्रमाण है कि मां वैष्णो देवी के प्रति जनमानस की आस्था निरंतर और अधिक गहरी होती जा रही है। आने वाले शेष नवरात्र में श्रद्धालुओं की संख्या में और भी अधिक वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। प्रशासन और सेवादार पूरी तत्परता से इस कार्य में जुटे हैं कि हर श्रद्धालु सुखद स्मृतियां लेकर घर लौटे। देशभर से आए भक्तों को यात्रा के दौरान हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे धर्मनगरी का कोना-कोना भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में सराबोर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *