बिहार में बनेंगे 11 नए टाउनशिप, विजय सिन्हा ने दी गुड न्यूज

Bihar-Township

पटना : बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए नगर निकायों की कार्यप्रणाली में बड़े सुधार का ऐलान कर दिया। उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने घोषणा की है कि अब राज्य के सभी नगर निकायों की ऑडिट भारत के नियंत्रक-महालेखापरीक्षक (CAG) से कराई जाएगी। इसके साथ ही डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने मकान के नक्शे और 11 नए टाउनशिप वाली गुड न्यूज भी दी। मंगलवार को सरकार के 100 दिन पूरे होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने यह जानकारी दी।

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि अब तक निकायों की ऑडिट चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के माध्यम से होती थी, लेकिन अब CAG की जांच से व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। अगर ऑडिट में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी और अभियंताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं आम जनता को राहत देते हुए मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि अब राज्य के सभी नगर निकायों में मकान निर्माण के नक्शे ऑनलाइन पास होंगे। वर्तमान में यह सुविधा सिर्फ पटना में है, लेकिन जल्द ही इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। इससे लोगों को निगम के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और बिचौलियों का हस्तक्षेप पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

बिहार में शहरीकरण के दायरे को बढ़ाने के लिए सरकार ने 11 नए टाउनशिप विकसित करने की मंजूरी दी है। इसमें 9 प्रमंडलीय मुख्यालयों के अलावा सीतामढ़ी और सोनपुर को भी शामिल किया गया है। साथ ही, पटना, मुजफ्फरपुर, बिहारशरीफ और भागलपुर में चल रहे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स को अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

मार्च 2026 के घोषित अवकाशों के दिनों में भी राज्य के सभी निबंधन कार्यालय खुले रहेंगे। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने आमजनों की सुविधा और विभाग के राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 26 और 31 मार्च को घोषित अवकाश के दिन भी सभी निबंधन कार्यालय सामान्य दिनों की तरह पूर्ण रूप से संचालित रहेंगे। साथ ही, रविवार को भी पहले की तरह जमीन और फ्लैट का निबंधन होता रहेगा। विभाग ने अवकाश के दिन सभी निबंधन कार्यालयों के कर्मियों व कंप्यूटर ऑपरेटर को कार्यालय जाने का निर्देश दिया है।

बता दें कि विभाग जनवरी 2026 से हर रविवार को निबंधन कार्यालय खोलने की सुविधा दे रहा है। इस पहल से कामकाजी लोगों और व्यस्त नागरिकों को छुट्टी के दिन अपने निबंधन संबंधी काम निपटाने में काफी सहूलियत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *