LSG vs DC : दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया, रिजवी-ट्रिस्टन का बल्ला बोला

DC-vs-LSG-IPL-2026

लखनऊ : दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर अपने आईपीएल 2026 के अभियान की शुरुआत की है। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली को 6 विकेट से जीत मिली। पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ की पारी 19वें ओवर में 141 रनों पर सिमट गई। यह टीम का आईपीएल इतिहास में पहले खेलते हुए सबसे छोटा स्कोर है। 5वें ओवर में दिल्ली ने 26 रन पर 4 विकेट खो दिए थे। यहां से समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने शतकीय साझेदारी करके टीम को 18वें ओवर में मैच जीत दिला दी। लखनऊ इस सीजन घरेलू मैदान पर मैच हारने वाली पहली टीम बन गई है। इससे पहले हुए चारों मैचों को घरेलू टीम ने जीता था।

रिजवी ने छक्के से फिनिश किया मैच : 18वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का मारकर उन्होंने टीम को जीत दिला दी। रिजवी ने 47 गेंद पर 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने 39 रन ठोके। दोनों के बीच 76 गेंद पर 119 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। 9 ओवर के बाद टीम का स्कोर 61 रन था। 10वें ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद को समीर रिजवी ने तीन चौके मारे और इस ओवर में कुल 16 रन बने। यहीं से मैच दिल्ली की तरफ झुक गया। 37 गेंदों पर रिजवी ने आईपीएल में अपनी पूरी फिफ्टी लगाई।

इससे पहले पारी की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को आउट कर दिया। इसके बाद पाथुम निसांका (1), नीतीश राणा (15) और अक्षर पटेल (0) सस्ते में पवेलियन लौट गए। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे समीर रिजवी ने इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मोर्चा संभाल लिया। दोनों पहले संभलकर खेले लेकिन फिर मौका मिलने पर हाथ खोले।

लखनऊ की बैटिंग नहीं चल पाई : टॉस हारने के बाद पहले खेलने उतरे एलएसजी को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत रन आउट हो गए। उन्होंने 9 गेंद पर 7 रन बनाए। इसके बाद मिचेल मार्श (35) ने एडेन मार्करम के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन मार्करम (11) के आउट होने के बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। आलम ये रहा कि महज 71 रन तक एलएसजी ने 5 विकेट खो दिए थे।

यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन, जबकि शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की। समद 25 गेंदों में 36 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शाहबाज अहमद 15 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट निकाले। 2 विकेट कुलदीप यादव ने हासिल किए, जबकि 1 विकेट कप्तान अक्षर पटेल के नाम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *