प. बंगाल : कैटरिंग वाहन ने IndiGo प्लेन के इंजन को मारी टक्कर, ड्राइवर की होगी मेडिकल जांच

Indigo-Accident

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में कोलकाता एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कैटरिंग सर्विस की गाड़ी ने खड़े इंडिगो के एयरबस A320 विमान के दाहिने इंजन को टक्कर मार दी। इस घटना में विमान को काफी नुकसान पहुंचा है। सूत्रों के मुताबिक, हादसा रात करीब 9:35 बजे हुआ। उस समय विमान तय पार्किंग स्थान पर खड़ा था। इसी दौरान एक एसयूवी जैसी गाड़ी वहां पहुंची और विमान के दाहिने इंजन के पिछले हिस्से से टकरा गई। घटना के बाद एयरलाइन के इंजीनियरों ने तुरंत नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, इंजन को गंभीर नुकसान हुआ है, जिसके कारण विमान को कुछ दिनों के लिए सेवा से बाहर रखा जा सकता है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, कैटरिंग गाड़ी के ड्राइवर को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा ड्राइवर की थकान की वजह से हुआ या वह नशे में था। फिलहाल, इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

बता दें कि पिछले हफ्ते मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में ‘खतरा’ लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके कारण फ्लाइट को 8 घंटे से अधिक देरी से रवाना होना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद विमान को तुरंत एक अलग स्थान पर ले जाया गया। वहां यात्रियों, उनके सामान और पूरे विमान की गहन तलाशी ली गई, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *