कटड़ा : बदलते मौसम के बीच बुधवार को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर यात्रा सामान्य रूप से जारी रही, हालांकि बारिश के चलते हेलीकाप्टर सेवा दिनभर बाधित रही। शाम छह बजे तक करीब 23,500 श्रद्धालु पंजीकरण कर आरएफआईडी कार्ड लेकर भवन की ओर रवाना हुए। हल्की परेशानियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी।
बुधवार सुबह से दोपहर तक कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। दोपहर बाद कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन शाम होते-होते फिर काले बादलों का जमावड़ा लग गया, जिससे बारिश की संभावना बनी रही।
मौसम खराब होने का असर हेलीकाप्टर सेवा पर पड़ा। सुबह कुछ उड़ानें संचालित होने के बाद सेवा बाधित हो गई, जिससे आनलाइन बुकिंग कर चुके श्रद्धालु को निराशा हुई। इसके बावजूद अधिकांश श्रद्धालुओं ने पैदल या अन्य साधनों से अपनी यात्रा जारी रखी।
बीती रात हुई बारिश के कारण हिमकोटी मार्ग पर कंकड़-पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आईं। सुरक्षा के मद्देनजर आद्कंवारी से भवन तक बैटरी कार मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया गया था।
हालांकि, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और प्रशासन की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग को साफ कर पुनः बहाल कर दिया। श्रद्धालु की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से उपलब्ध रहीं, जिससे किसी बड़ी परेशानी की सूचना नहीं मिली।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
