श्रीनगर : अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह को एक पुराने आतंकी मामले में गिरफ्तार कर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 10 दिन की रिमांड पर ले लिया है। यह मामला 1996 में एक आतंकवादी के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिसकर्मियों पर हुए हमले से जुड़ा है।
अधिकारियों के अनुसार, शब्बीर शाह को एनआईए की श्रीनगर शाखा ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था और बाद में उन्हें दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड मिली थी। इसके बाद शनिवार को उन्हें जम्मू स्थित विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया।
एनआईए ने अदालत से उनकी कस्टोडियल पूछताछ की मांग की, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने उन्हें 10 दिन की रिमांड पर भेज दिया। 72 वर्षीय शब्बीर शाह को हाल ही में टेरर फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में लंबे समय बाद जमानत मिली थी, लेकिन अब एक पुराने मामले में उनकी फिर से गिरफ्तारी हुई है।
