चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा में शनिवार के दिन दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें आठ लोगों के मारे जाने की आशंका है। हादसे का शिकार हुए पर्यटक तीसा के सच्चे जोत क्षेत्र की ओर घूमने निकले थे। उनकी गाड़ी कालाबन के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 8 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार कुछ लोग सच्चे जोत और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर के लिए निकले थे।
कालाबन के करीब पहुंचने पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद काफी समय तक किसी को भी वाहन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
शाम के समय जब अन्य वाहन वापस लौट आए और उक्त गाड़ी पुलिस चौकी में निर्धारित एंट्री के लिए नहीं पहुंची, तो लोगों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद वाहन की तलाश शुरू की गई। स्थानीय लोगों की मदद से देर रात वाहन का सुराग मिला, जिसके बाद हादसे की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। खाई अधिक गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
