यूपी : बांदा में कालिंजर किला घूमने आई युवती के साथ गैंगरेप, 9 वर्षीय बेटी की कनपटी पर तमंचा रख बनाया बंधक

Mahila-Torist

बांदा : यूपी के बांदा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। झांसी से अपनी 9 वर्षीय बेटी के साथ कालिंजर किला घूमने आई एक युवती को एक व्यक्ति ने अपनी टेंपो से कालिंजर दुर्ग घूमने का झांसा देकर अपनी गाड़ी में बैठाया और फिर तमंचे के बल पर सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने एसपी से मिलकर आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता, जो झांसी के सीपरी थाना क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि वह 4 जून को बांदा पहुंची थी। शहर के बाबूलाल चौराहे पर जब वह कालिंजर जाने के लिए साधन का इंतजार कर रही थी, तभी भगवानदीन नामक व्यक्ति ने संपर्क किया और खुद को टैक्सी चालक बताकर उसे 500 रुपये में कालिंजर घुमाने का झांसा दिया।

तमंचे के दम पर लूट और बंधक : पीड़िता के अनुसार, वह अपनी बेटी के साथ भगवानदीन की गाड़ी में बैठ गई, जिसमें पहले से ही दो अन्य लोग सवार थे। नरैनी के पास पहुंचते ही अपनी गाड़ी रोक दी, जहां पहले से एक मारुति कार खड़ी थी, जिसमें हमें जबरन बिठाकर गाड़ी को मुख्य मार्ग से हटाकर कच्चे रास्ते पर ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़िता की बेटी की कनपटी पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसके जेवर, मोबाइल और नकदी लूट ली।

आरोपी मां-बेटी को जबरन पानी की टंकी के पास बने एक कमरे में ले गए। वहां मौजूद बदमाशों ने पहले शराब पी और फिर मासूम बच्ची को शराब पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी घटना को अंजाम दिया। यही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता की बेटी के साथ भी छेड़खानी और दरिंदगी की। इतना ही नहीं, घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी वहां बुलाकर दरिंदगी में शामिल किया गया।

मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी : घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को डरा-धमकाकर सड़क पर छोड़ आए और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सीओ नरैनी प्रवीण कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *