बिहार : पटना में नाबालिग छात्रा को सड़क पर पेट्रोल छिड़क जलाया, बचने के 100 फ़ीट तक दौड़ी; हुई मौत 

पटना : बिहार की राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक नाबालिग छात्रा को युवक ने कथित तौर पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर सड़क पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा करीब 100 फीट तक जान बचाने के लिए भागी, लेकिन गिर पड़ी। छह दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद पटना के अस्पताल में उसकी मौत हो गई। लड़की कक्षा 10 की छात्रा थी और गोपालपुर के एक गांव में अपने नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। 17 जनवरी को वह दोपहर के समय नानी के घर से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे रोक लिया।

फोटो वायरल करने की धमकी, फिर पेट्रोल डालकर जला दिया : लड़की के पिता का आरोप है कि आरोपी युवक आदित्य कुमार (22) पहले भी छात्रा से जबरन बातचीत करने की कोशिश करता था। घटना के दिन उसने छात्रा को घेर लिया और एक फोटो दिखाकर उसे वायरल करने की धमकी देने लगा। लड़की ने उससे कहा कि तुम्हें जो करना है कर लो। मैं तुमसे डरने वाले नहीं हूं। आरोपी ने उसे जिंदा जलाने की धमकी दी। इस पर लड़की ने कहा कि अगर हिम्मत है तो जला दो। इतना सुनते हैं सनकी युवक ने लड़की पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी।

100 फीट तक भागी, फिर गिर पड़ी : आग लगने के बाद छात्रा खुद को बचाने के लिए लगभग 100 फीट तक भागी। चीखती रही, चिल्लाती रही लेकिन सनकी ने उसकी एक न सुनी। लड़की का शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और लड़की को फौरन अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।

पटना में इलाज के दौरान मौत : छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार की अहले सुबह उसकी मौत हो गई। इलाज के दौरान घायल अवस्था में छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि युवक ने जबरन उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने इस बयान को मामले का अहम साक्ष्य माना है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *