जोधपुर : सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग से मानसिक अवसाद में आई जोधपुर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई के हेल्थ अब पहले से बेहतर है। बता दें कि 3 जून 2026 को मानसिक तनाव के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, अब धीरे-धीरे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा हैं। जोधपुर के मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल के आईसीयू में भर्ती अनिता ने शनिवार को अपने परिजनों से इशारों में बातचीत की। साथ ही अपनी तबीयत को पहले से बेहतर बताया।
परिजन बोले- दर्ज करवाएंगे FIR : अनिता के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार ‘वे अभी पूरी तरह बोलने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन आसपास की बातों को समझकर प्रतिक्रिया दे रही हैं। पति दीनाराम ने दर्द बयां करते हुए कहा कि अनिता पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर हो रही अभद्र टिप्पणियों और लगातार ट्रोलिंग से बेहद परेशान थीं। कुछ लोगों ने उनके पहनावे को लेकर बेहद आपत्तिजनक और भद्दे कमेंट्स किए थे, जिसने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया। उन्होंने साफ किया कि अनिता के ठीक होते ही वे दोनों मीडिया के सामने आकर सच बताएंगे। साथ ही इस मामले में शामिल ट्रोलर्स के खिलाफ पुलिस में सख्त कानूनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
वेंटिलेटर सपोर्ट हटा, डॉक्टर रख रहे हैं निगरानी : एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि अनिता की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर या ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत नहीं है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि आगामी दो दिनों में वह सामान्य रूप से बोलने और अपना पक्ष रखने की स्थिति में आ जाएंगी।
क्या है पूरा मामला? : मूल रूप से जैसलमेर के लाठी गांव की रहने वाली अनिता वर्तमान में जोधपुर के बनाड़ क्षेत्र (शिकारगढ़) में रहती हैं और इन्फ्लुएंसिंग के साथ खेती-बाड़ी भी संभालती हैं। हाल ही में महिलाओं की वेशभूषा और सामाजिक मूल्यों से जुड़े एक वीडियो के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर बेरहमी से निशाना बनाया जाने लगा था। इसी गहरे मानसिक तनाव के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाते हुए घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया था। यह घटना डिजिटल दुनिया में मानसिक क्रूरता और ट्रोलर्स के खिलाफ कड़े कानून की जरूरत को साफ बयां करती है।
