मप्र : खंडवा में मस्जिद का इमाम ज़ुबैर छापता था फेक करेंसी, 19 लाख के नकली नोट और मशीन बरामद

Khandwa-Fake-Currencyin-Mosque

खंडवा : मध्य प्रदेश में खंडवा के मस्जिद में नमाज पढ़ाने वाले इमाम के घर के कमरे से नकली नोटों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। मामला जावर थाना क्षेत्र के ग्राम पैठियां (मछौड़ी रैय्यत) का है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब इमाम और उसके साथी को दो दिन पहले महाराष्ट्र के मालेगांव पुलिस ने 10 लाख रुपए के नकली नोट के साथ पकड़ा। इसके वीडियो देखने के बाद ग्रामीणों को ये बात पता चली और उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। यहां पुलिस पहुंची तो नकली नोट और अन्य सामग्री बरामद हुई। अभी तक की गिनती में 19 लाख रुपए सामने आए हैं। पुलिस की जांच अभी जारी है।

खंडवा के जावर थाना क्षेत्र के पैठियां गांव के इमामबाड़ा के ऊपर बने कमरे में पेश इमाम ज़ुबैर अंसारी रहता था। इसी कमरे से खंडवा पुलिस 19 लाख रुपए के नकली नोट बरामद हुए हैं। इसमें लगभग तीन लाख रुपए के नोट बिना कटे हुए है। यहां से नकली नोट छापने की  मशीन भी बरामद हुई हैं।

मालेगांव से जुड़े तार : इस पूरे मामले के तार महाराष्ट्र के मालेगांव से जुड़े हैं। दरअसल, मालेगांव पुलिस ने कुछ दिन पहले ज़ुबैर और उसके साथी को 10 लाख रुपए नकली नोटों के साथ पकड़ा था। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हमें मालेगांव कनेक्शन की खबर लगी तो हमने ही पुलिस को सूचना दी। लोगों ने बताया कि तीन महीने पहले ही बुरहानपुर निवासी ज़ुबैर अंसारी को इमामत के लिए रखा गया था। पास में नई मस्जिद का निर्माण चल रहा था, जबकि इमामबाड़े में नमाज का सिलसिला जारी था।

नकली नोट छापने की मशीन भी मिली : पुलिस जब मौके पर पहुंचीं तो यहां अलग अलग बैग में बड़ी संख्या में नोटों का जखीरा मिला, जो कि नकली हैं। पुलिस को नकली नोट छापने के पेपर और मशीन भी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के तार कहां- कहां जुड़े हैं, इसकी जानकारी निकाली जा रही है। महाराष्ट्र पुलिस से भी इस मामले में संपर्क किया गया है। इस मामले में कोई नेटवर्क है, तो उसे भी तोड़ा जाएगा।

भाजपा विधायक ने सभी मस्जिदों की जांच की मांग की : खंडवा से भाजपा विधायक कंचन तनवे ने एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर से मिलकर मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कहा, “हमारी मांग है कि सभी मस्जिद और मदरसों की जांच होना चाहिए। क्योंकि नकली नोटों कि यह चाल देश को खोखला करने की साजिश दिखाई पड़ रही है। इतना ही नहीं बीजेपी विधायक ने इस घटना की शिकायत मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव से करने की बात भी कही।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *