वैशाली : वैशाली जिले के हाजीपुर में आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर लगाए जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। इस दौरान पोस्टर लगाने वाले एक युवक को हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के जढुआ टोले में कई मकानों पर आई लव मोहम्मद और कुछ नारों वाले पोस्टर चस्पा कर दिए गए थे। पोस्टर देखकर कुछ लोग भड़क गए और पोस्टर लगाने वाले एक मुस्लिम युवक को भीड़ ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और मौके पर मौजूद भीड़ को खदेड़ा। एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों ने मौके पर कैंप करने का आदेश भी दिया है।
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि विवादित पोस्टर लगाए गए हैं। सत्यापन के बाद पोस्टर लगाने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है और पोस्टरों को जब्त कर लिया गया है।
