यूपी : कुत्तों ने दो बहनों को अगवा होने से बचाया, मुंह पर रुमाल बांधते ही भौंकने लगे…आ गए लोग; भागा आरोपी

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के जगन्नाथपुर मोहल्ले में रविवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब दुर्गा पार्क के पास दो सगी बहनों के अपहरण की कोशिश हुई। सफेद कुर्ता-पाजामा पहने एक युवक ने छोटी बच्चियों को दुकान से लौटते वक्त रास्ते में रोककर मुंह पर रुमाल बांधने का प्रयास किया।

सौभाग्य से, कुत्ते के भौंकने और बच्चियों के शोर मचाने से आसपास के लोग बाहर निकल आए, जिसके बाद युवक पैदल ही छोटे काजीपुर की ओर भाग निकला। पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद है।पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

घटना रविवार की शाम लगभग 7:45 बजे की है।जगरनाथपुर मोहल्ले में रहने वाले अमित पटवा की नौ वर्षीय बेटी आशी और सात वर्षीय अराधना घर के पास स्थित जनरल स्टोर पर पेंसिल खरीदने गई थीं। दुकान से लौटते समय दोनों बहनों के पीछे सफेद कुर्ता-पैजामा पहने करीब 25 वर्षीय युवक पीछे लग गया।जैसे ही दोनों घर के पास गली में पहुंचीं, उसने पास आकर रुमाल से उनका मुंह बांधने की कोशिश की।

इसके बाद आशी व अराधना ने जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, तभी पास में मौजूद कुत्ता भौंकने लगा।बच्चियों की चीख सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए। खुद को घिरता देख युवक पार्क के बगल से भाग निकला और छोटे काजीपुर की तरफ निकल गया।

घटना के बाद डरी-सहमी बच्चियां घर पहुंचीं और पिता को पूरी बात बताई। पिता ने मोहल्ले में लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में युवक स्पष्ट रूप से आता-जाता दिखाई दिया।इसके बाद रात करीब नौ बजे कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *