कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड में जंगली हाथियों के आतंक से त्रस्त लोग रविवार को सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने गया-देवघर मुख्य मार्ग को कटैया मोड़ के पास जाम कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और सुरक्षा की मांग की है।
हाथियों के झुंड ने युवक को पटक-पटक कर मार डाला : ग्रामीणों के अनुसार, हाथी लगातार इलाके में आतंक मचा रहे हैं। शनिवार देर रात हाथियों के झुंड ने कटैया गांव के समीप 30 वर्षीय युवक मोहित कुमार को बेरहमी से पटक-पटक कर मार डाला। मोहित कुमार (पिता शिवनंदन यादव) अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से हाथियों का झुंड इसी इलाके में विचरण कर रहा है, लेकिन वन विभाग द्वारा उन्हें खदेड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
भड़के ग्रामीण सड़क पर उतरे : इससे पूर्व शुक्रवार की रात करीब 11 बजे तीन हाथियों के झुंड ने गजहर गांव में भारी उत्पात मचाया था। हाथियों ने संजू देवी नामक महिला के घर का दरवाजा तोड़कर भीतर रखा करीब 10 क्विंटल अनाज चट कर दिया और घर के बर्तन व कपड़े भी तहस-नहस कर दिए। गनीमत रही कि घटना के वक्त परिवार के लोग दूसरे मकान में सो रहे थे। इसके पहले भी कोडरमा के सतगावां, डोमचांच और मरकच्चो के सीमावर्ती इलाकों में पिछले दो महीनों के भीतर हाथियों के हमले में पांच से ज्यादा लोगों की मौत हुई हैं।
गांव वाले रतजगा करने को मजबूर : ताजा घटना के बाद पूरे सतगावां प्रखंड में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात-जगा करने को मजबूर हैं। सड़क जाम की सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि विभाग केवल ‘सतर्क रहने’ की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता और सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही वनरक्षियों को हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।
