मधुबनी : बिहार में मधुबनी रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाली नोट छापने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 6,44,000 रुपये की नकली भारतीय मुद्रा बरामद की गई है।
नेपाल ले जाई जा रही थी रकम : मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने स्टेशन के दोनों निकास द्वारों पर सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, जिसकी पहचान सूर्यदेव कुमार उर्फ सूरज कुमार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके बैग से भारी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ये जाली नोट उदल पासवान से लेकर आया था और नेपाल के एक व्यक्ति को देने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गया जिले में छापेमारी कर उदल पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया।
बोधगया में मिला नोट छापने का पूरा सेटअप : जांच के दौरान पुलिस ने बोधगया के गौतम नगर इलाके में एक किराये के मकान से जाली नोट छापने का पूरा सेटअप भी बरामद किया। यहां से असली नोट के सैंपल, प्रिंटिंग उपकरण और बड़ी मात्रा में नकली मुद्रा बरामद हुई। दोनों आरोपियों के पास से कुल 6,44,000 रुपये की जाली करेंसी और 3,200 रुपये के असली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
